अंबिकापुर , सितंबर 18 -- छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर केंद्रीय जेल में हत्या के आरोप में बंद विचाराधीन महिला बंदी मथुरा यादव (55) की मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। जेल प्रशासन ने घटना की सूचना पुलिस के साथ जिला कलेक्टर और जिला-सत्र न्यायाधीश को दे दी है। महिला के परिजनों का फिलहाल पता नहीं चल सका है और उनकी तलाश की जा रही है।
जेल प्रशासन से शुक्रवार को मिली जानकारी के अनुसार मथुरा यादव को सूरजपुर जिला जेल से 19 फरवरी 2026 को अंबिकापुर सेंट्रल जेल लाया गया था। उसे हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया था और संबंधित मामला अभी न्यायालय में विचाराधीन है।
जेल में रहने के दौरान तबीयत खराब होने पर महिला बंदी का उपचार कराया जा रहा था। जेल अधीक्षक अक्षय सिंह राजपूत ने बताया कि स्वास्थ्य बिगड़ने पर उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जांच और इलाज के बाद उसे वापस जेल भेज दिया गया था। इसके बाद 17 सितंबर को उसकी तबीयत दोबारा बिगड़ी, जिस पर उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल के एमआईसीयू में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित