अंबिकापुर , अक्टूबर 13 -- छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के अंबिकापुर स्थित प्लेस ऑफ सेफ्टी से सोमवार रात छह विधि से संघर्षरत किशोर सुरक्षाकर्मियों को चकमा देकर फरार हो गए। इनमें से दो किशोरों को वापस लाया गया है, जबकि चार अन्य की तलाश में पुलिस जुटी हुई है।

पुलिस से आज मिली जानकारी के अनुसार, गांधीनगर थाना क्षेत्र के कन्या परिसर मार्ग स्थित प्लेस ऑफ सेफ्टी में सोमवार रात करीब साढ़े आठ से नौ बजे के बीच किशोरों को भोजन के लिए बैरक से बाहर निकाला गया था। इसी दौरान छह किशोरों ने रसोइये पर गर्म भोजन फेंककर हंगामा शुरू कर दिया। इसके बाद ड्यूटी पर तैनात सुरक्षाकर्मी को एक कमरे में बंद कर सभी छह किशोर परिसर से भाग निकले।

घटना की सूचना मिलते ही गांधीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और फरार किशोरों की तलाश शुरू की। भागने के दौरान दो किशोर घायल हो गए। इनमें एक के पैर में गंभीर चोट लगने के कारण वह स्वयं वापस लौट आया, जबकि दूसरे किशोर के गिरने से सिर में चोट आई। पुलिस ने उसे पकड़कर संस्था प्रबंधन के सुपुर्द कर दिया।

पुलिस के अनुसार, फरार किशोरों की उम्र 16 से 18 वर्ष के बीच है। इनमें हत्या और चोरी जैसे गंभीर आपराधिक मामलों से जुड़े किशोर भी शामिल हैं। शेष चार किशोरों की तलाश में पुलिस ने रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और अन्य संभावित ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया, लेकिन फिलहाल उनका सुराग नहीं मिल सका है।

उल्लेखनीय है कि अंबिकापुर स्थित बाल संप्रेक्षण गृह और प्लेस ऑफ सेफ्टी से किशोरों के फरार होने की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। फरवरी में प्लेस ऑफ सेफ्टी से 15 किशोर सुरक्षाकर्मी पर हमला कर फरार हुए थे। इसके बाद जून में 11 और जुलाई में 13 किशोर अलग-अलग घटनाओं में बाल संप्रेक्षण गृह से भाग निकले थे। एक अन्य घटना में तीन किशोर शौचालय का रोशनदान तोड़कर फरार हो गए थे।

लगातार सामने आई इन घटनाओं के बाद संस्था के अधीक्षक को निलंबित किया गया था। वर्तमान में प्लेस ऑफ सेफ्टी की सुरक्षा व्यवस्था आरक्षकों के भरोसे संचालित होने की जानकारी सामने आई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित