चंडीगढ़ , मई 13 -- हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कहा है कि अंबाला छावनीमें बन रहा 'आजादी की पहली लड़ाई का शहीद स्मारक' देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव का प्रमुख केंद्र बनेगा। उन्होंने बताया कि स्मारक परिसर में 210 फुट ऊंचा राष्ट्रीय ध्वज स्थापित किया जाएगा, जो अंबाला का सबसे ऊंचा तिरंगा होगा।

श्री विज ने बुधवार को शहीद स्मारक स्थल का दौरा कर ध्वजारोहण के लिए प्रस्तावित स्थान का निरीक्षण किया और अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि यह तिरंगा 206 फुट ऊंचे स्मारक स्तंभ से भी ऊंचा होगा और दूर से दिखाई देगा। यह शहीदों के बलिदान, राष्ट्रीय सम्मान और देशभक्ति का प्रतीक बनेगा।

शहीद स्मारक के निदेशक डॉ कुलदीप सैनी ने बताया कि तिरंगे की स्थापना फ्लैग् फाउंडेशन ऑफ़ इंडिया द्वारा की जाएगी और इसके लिए तकनीकी टीम जल्द स्थल का दौरा करेगी।

अंबाला-दिल्ली जीटी रोड पर 22 एकड़ क्षेत्र में लगभग 700 करोड़ रुपये की लागत से बने इस स्मारक को 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के वीरों को समर्पित किया गया है। अधिकारियों के अनुसार यह स्मारक भविष्य में प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में उभरेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित