चंडीगढ़ , मार्च 13 -- हरियाणा के अंबाला जिले में सुरक्षा एजेंसियों ने एक बड़ी आतंकी साजिश को विफल करते हुए तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। स्पेशल टास्क फोर्स और जिला पुलिस ने शुक्रवार को बराड़ा रोड पर एक मोटरसाइकिल को रोककर तलाशी ली, जिसमें से लगभग दो किलोग्राम संदिग्ध विस्फोटक बरामद हुआ है। प्राथमिक जांच में इस सामग्री के उच्च तीव्रता वाले विस्फोटक 'आरडीएक्स' होने की आशंका जताई जा रही है। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने बराड़ा रोड को पूरी तरह बंद कर दिया है और बम निरोधक दस्ता मौके पर जांच में जुटा है।
अंबाला एसटीएफ को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ युवक विस्फोटक सामग्री लेकर बराड़ा से अंबाला की ओर जा रहे हैं। इसी सूचना के आधार पर नाकेबंदी के दौरान बाइक सवार तीन युवकों को पकड़ा गया। आरोपियों के पास मौजूद एक बैग की तलाशी लेने पर उसमें से करीब 2 किलो विस्फोटक पदार्थ बरामद हुआ। गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों की उम्र 20 से 25 साल के बीच है। इनमें से एक आरोपी उत्तर प्रदेश के मेरठ, दूसरा राजस्थान के अजमेर और तीसरा स्थानीय गांव कंबासी का रहने वाला बताया जा रहा है। जिस बाइक पर वे सवार थे, वह आरोपी जगवीर के नाम पर पंजीकृत है।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। एसटीएफ और सुरक्षा एजेंसियां अब इन आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही हैं कि इस विस्फोटक का स्रोत क्या था और वे किस घटना को अंजाम देने की फिराक में थे। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या इन तीनों का संबंध किसी बड़े आतंकी नेटवर्क या सीमा पार बैठे संगठनों से है। फिलहाल वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए अधिक जानकारी साझा करने से बच रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि अंबाला एक संवेदनशील सैन्य क्षेत्र है और इससे पहले भी यहां सुरक्षा से जुड़ी घटनाएं सामने आ चुकी हैं। जनवरी माह में ही बलदेव नगर थाना परिसर में खड़ी एक संदिग्ध कार में धमाके हुए थे, जिसकी जांच अभी भी जारी है। ताज़ा घटनाक्रम के बाद अंबाला एयरफोर्स स्टेशन और अन्य महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। पुलिस ने स्थानीय नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति को देखते ही तुरंत प्रशासन को सूचित करें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित