अंबाला सिटी , अगस्त 02 -- हरियाणा के अंबाला के जनसूआ गांव में जमीन बेचने के नाम पर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले गिरोह के खिलाफ आर्थिक अपराध शाखा ने कार्रवाई करते हुए दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जनसूआ गांव निवासी मनदीप सिंह उर्फ लाडी और कुरुक्षेत्र के पेहवा स्थित जुरासी गांव निवासी प्रॉपर्टी डीलर खजान सिंह के रूप में हुई है। आरोप है कि दोनों कम जमीन को अधिक बताकर और एक ही जमीन के कई लोगों के साथ इकरारनामा कर मोटी रकम ठगते थे।
पहले मामले में कुरुक्षेत्र के अर्बन एस्टेट सेक्टर-3 निवासी विक्रम सिंह ने थाना नग्गल में शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपियों ने जनसूआ गांव की जमीन का रकबा अधिक बताकर सौदा किया और उनसे करीब दो करोड़ रुपये ले लिए। जांच में सामने आया कि इसी जमीन का इकरारनामा अन्य लोगों के साथ भी किया गया था। रकम लेने के बावजूद न तो रजिस्ट्री कराई गई और न ही पैसे लौटाए गए। इस मामले में पुलिस अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
दूसरे मामले में कुरुक्षेत्र की विष्णु कॉलोनी निवासी यशपाल सिंह से भी इसी तरीके से करीब 1.50 करोड़ रुपये की ठगी की गई। पुलिस के अनुसार, मनदीप सिंह, खजान सिंह और उनके साथियों ने मिलकर जमीन का गलत विवरण देकर पीड़ित से बड़ी रकम ऐंठी।
दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है। आर्थिक अपराध शाखा उनसे पूछताछ कर ठगी के पूरे नेटवर्क और अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित