चंडीगढ़ , मई 17 -- हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कहा है कि उन्होंने अंबाला छावनी के विकास के लिए पूरी मेहनत से काम किया है और अंतिम सांस तक क्षेत्र के विकास के लिए कार्य करते रहेंगे।
अंबाला कैंट के बब्याल स्थित टांगरी बांध पर आयोजित कार्यक्रम में श्री विज ने बब्याल से रामगढ़ माजरा तक स्टोन पीचिंग कार्य तथा महेशनगर पंप हाउस की इमारत के पुनर्निर्माण और फ्लड गेट ऊंचा करने के कार्य का शिलान्यास किया। उन्होंने बताया कि बब्याल से पंजाब बॉर्डर तक लगभग 7.34 करोड़ रुपये की लागत से स्टोन पीचिंग की जाएगी, जबकि महेशनगर पंप हाउस पर 2.80 करोड़ रुपये की लागत से निर्माण कार्य होगा।
श्री विज ने कहा कि सरकार लगातार क्षेत्र को बाढ़ से बचाने के लिए प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष टांगरी नदी में 43 हजार क्यूसिक पानी आने से इंडस्ट्रियल एरिया की ओर का किनारा प्रभावित हुआ था। इसके बाद नदी की खुदाई शुरू करवाई गई, लेकिन कुछ लोगों द्वारा कार्य में बाधा डाली जा रही है।
उन्होंने कहा कि रामगढ़ माजरा से सहारनपुर रेलवे लाइन तक नदी को गहरा किया जा चुका है, जबकि आगे के हिस्से में खुदाई का कार्य प्रस्तावित है। मंत्री ने उम्मीद जताई कि बरसात से पहले नदी की खुदाई पूरी कर ली जाएगी, ताकि जल निकासी बेहतर हो सके और बाढ़ का खतरा कम किया जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित