चंडीगढ़ , मार्च 06 -- हरियाणा के परिवहन मंत्री अनिल विज के प्रयासों से अंबाला छावनी को नई सौगात मिलने जा रही है। इसके तहत अंबाला छावनी के गांव शाहपुर में ड्राइविंग ट्रेनिंग एवं रिसर्च संस्थान स्थापित किया जाएगा। इसके साथ ही गांव शाहपुर में ऑटोमेटेड व्हीकल टेस्टिंग स्टेशन भी बनाया जाएगा।
परिवहन मंत्री ने बताया कि ड्राइविंग ट्रेनिंग एवं रिसर्च संस्थान और ऑटोमेटेड व्हीकल टेस्टिंग स्टेशन की स्थापना के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने स्वीकृति प्रदान कर दी है।
उन्होंने बताया कि अंबाला छावनी के गांव शाहपुर में 13 एकड़ 5 कनाल और 4 मरला भूमि पर इन दोनों परियोजनाओं को स्थापित किया जाएगा। इनकी स्थापना पर लगभग 11.65 करोड़ रुपये की लागत आएगी।
विज ने कहा कि इन परियोजनाओं की स्थापना से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से सैकड़ों लोगों के लिए रोजगार के अवसर सृजित होंगे। इसके माध्यम से आसपास के जिलों के हजारों युवाओं को बेहतर प्रशिक्षण देकर अधिक कौशलयुक्त बनाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि ऑटोमेटेड व्हीकल टेस्टिंग स्टेशन की स्थापना के बाद प्रति सप्ताह लगभग 300 वाहनों की फिटनेस जांच की जा सकेगी।
परिवहन मंत्री ने कहा कि हरियाणा में परिवहन सुविधाओं को और अधिक सुचारू और आधुनिक बनाने के लिए लगातार तकनीकी सुधार किए जा रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित