अलवर , मई 13 -- राजस्थान में अलवर शहर के समीप उमरैण में तेज अंधड़ से एक पड़ोसी के घर की टीन एक युवती पर गिरने से उसकी मौत हो गई ।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार शाम को अचानक मौसम के परिवर्तन के बाद तेज अंधड़ शुरू हो गया और यह अंदर तूफानी हवा में बदल गया। उसी समय उमरैण कस्बे में 19 वर्षीय प्रियंका अपने घर में मौजूद थी तभी अंधड़ से पड़ोसी की टीन उड़कर प्रियंका के सिर पर जाकर गिरी। जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई। परिजन उसे अलवर के अस्पताल लेकर आए जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

उधर तेज बारिश के साथ आए अंधड़ ने शहरवासियों की मुश्किलें बढ़ा दी। तेज हवाओं और बरसात के चलते शहर के कई इलाकों में पेड़ और बिजली के पोल गिर गए, जिससे यातायात व्यवस्था और बिजली आपूर्ति प्रभावित हो गई। मोती डूंगरी क्षेत्र से लेकर पुलिस नियंंत्रण कक्ष के पास तक बड़े पेड़ सड़क पर गिर पड़े, जिसके कारण लंबे समय तक जाम की स्थिति बनी रही।

बारिश और तेज हवाओं के कारण कई इलाकों में बिजली आपूर्ति भी ठप हो गई। पूरे शहर में अंधेरा छा गया और लोग देर रात तक बिजली आने का इंतजार करते रहे। बिजली विभाग की लाइनों और तारों को भी नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है।

उधर पेड़ गिरने से दो युवक घायल हो गए। पहला मामला शांतिकुंज का है जहां पर सीताराम जॉगिंग करते समय पेड़ गिर गया तब घायल हो गया। दूसरा मामला बर्फ खाना रोड का है जहां पर एक युवक स्कूल की दीवार गिरने से घायल हो गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित