जयपुर , सितम्बर 25 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष एवं सांसद नितिन नवीन ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान में डबल इंजन की सरकार विकास की योजनाओं को गांवों और कस्बों तक पहुंचा रही है, जिससे पंडित दीनदयाल उपाध्याय की अंत्योदय की भावना धरातल पर साकार हो रही है।

श्री नवीन शुक्रवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर जयपुर के दादिया में आयोजित सेवा संकल्प सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अंत्योदय की भावना को जमीन तक पहुंचाने के सबसे बड़े सारथी विधायक, सांसद, हमारे निकाय और पंचायत के प्रतिनिधि हैं क्योंकि उनका सीधे जनता से जुड़ाव होता है। अंत्योदय की परिकल्पना को कोई साकार कर सकता है तो वह थ्री-टायर सिस्टम के हमारे निकाय और पंचायतीराज व्यवस्था के जनप्रतिनिधि ही कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का पिछले 25 वर्षों का सार्वजनिक जीवन जनता की सेवा को समर्पित रहा है। उनसे प्रेरित होकर हमें सेवा के भाव से कार्य करते हुए आमजन के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है। उन्होंने जनप्रतिनिधि के रूप में लंबे समय तक कार्य करने के अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों की कार्यशैली का जनता से सीधा जुड़ाव होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि श्री मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार गरीब कल्याण की भावना से काम कर रही है। देशभर में चार करोड़ से अधिक गरीबों को आवास, स्वच्छ भारत मिशन के तहत 12 करोड़ शौचालयों के निर्माण से महिलाओं की गरिमा और सम्मान सुनिश्चित हुआ है और 60 करोड़ परिवारों को आयुष्मान योजना का कवच मिला है। पीएम स्वनिधि योजना के माध्यम से 75 लाख से अधिक रेहड़ी-पटरी वालों को लाभ मिला है। इक्यावन लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि गरीब के खाते में डीबीटी के माध्यम से पहुंची है। इसलिए गरीबों एवं महिलाओं का आशीर्वाद उनकी सरकार के साथ है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने स्वच्छता की सोच से पूरे देशवासियों को जोड़कर इसे घर-घर का मिशन बनाया है। आज का युवा केवल जॉब सीकर नहीं, बल्कि जॉब गिवर बनकर उभर रहा है। तीन करोड़ से अधिक लखपति दीदी आत्मनिर्भर बनकर आगे बढ़ रही हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित