रायपुर , अक्टूबर 07 -- छत्तीसगढ़ के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा है कि समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना और सर्वसमावेशी विकास सुनिश्चित करना राज्य सरकार की प्राथमिकता है।

श्री वर्मा ने मंगलवार रात मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा कर विभिन्न सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। उन्होंने ग्रामीणों और हितग्राहियों से संवाद कर योजनाओं से उनके जीवन में आए बदलावों के बारे में भी जाना।

राजस्व मंत्री ने जनपद पंचायत मोहला की ग्राम पंचायत माड़िंग पिड़िंग भूर्सा में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत स्वीकृत आवासों का निरीक्षण किया। उन्होंने योजना के हितग्राही इन्द्र कुमार के निर्माणाधीन आवास का जायजा लिया। वर्ष 2025-26 में स्वीकृत इस आवास के लिए एक लाख 20 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है। इसके साथ ही परिवार को मनरेगा के तहत 90 दिनों का रोजगार भी उपलब्ध कराया जा रहा है।

इस दौरान हितग्राही परिवार की हेमेश्वरी ने मंत्री को बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के साथ परिवार को उज्ज्वला योजना के तहत रसोई गैस कनेक्शन और जल जीवन मिशन के माध्यम से घर में नल से पेयजल की सुविधा मिली है। महतारी वंदन योजना के तहत मिलने वाली आर्थिक सहायता का उपयोग परिवार की दैनिक जरूरतों और बच्चों की देखभाल में किया जा रहा है।

श्री वर्मा ने हितग्राहियों से चर्चा के बाद कहा कि राज्य सरकार 'सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास' के मूलमंत्र के अनुरूप काम कर रही है। सरकार का प्रयास है कि पात्र नागरिकों तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से पहुंचे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित