बारां , अगस्त 31 -- राजस्थान में बारां नगर निकाय चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल करनेकी अंतिम तिथि पर सोमवार को जिला कलेक्टर परिसर में चुनावी रंग पूरी तरह चढ़ा नजर आया। नामांकन दाखिल करने के लिए प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की भारी भीड़ उमड़ने से कलेक्टरी परिसर सहित आसपास का क्षेत्र दिनभर राजनीतिक गतिविधियों का केंद्र बना रहा।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस ने पार्टी प्रत्याशियों की अधिकृत सूची जारी नहीं की है, लेकिन सुबह से ही अलग-अलग वार्डों से प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ जुलूस के रूप में नामांकन दाखिल करने पहुंचते रहे। इससे कलेक्टर परिसर में मेले जैसा माहौल नजर आया।

नगर निकाय चुनाव को लेकर पिछले कई दिनों से चल रही राजनीतिक सरगर्मियां अंतिम दिन अपने चरम पर पहुंच गयीं। भाजपा और कांग्रेस सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के संभावित प्रत्याशियों के साथ निर्दलीय उम्मीदवार भी बड़ी संख्या में नामांकन दाखिल करने पहुंचे। कई प्रत्याशी ढोल-नगाड़ों और समर्थकों के साथ जुलूस के रूप में पहुंचे, वहीं समर्थकों ने अपने प्रत्याशियों के पक्ष में जमकर नारेबाजी की।

नामांकन की अंतिम तारीख होने के कारण राजनीतिक दलों में टिकट को लेकर अंतिम समय तक मंथन का दौर चलता रहा। कई वार्डों में टिकट की सूचना के बाद प्रत्याशियों ने आनन-फानन में नामांकन की तैयारियां पूरी कीं। टिकट नहीं मिलने से नाराज कई दावेदारों ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में मैदान में उतरने का निर्णय लिया। इसके चलते कई वार्डों में मुकाबला बहुकोणीय होने के आसार बन गये हैं।

कलेक्टर परिसर में प्रत्याशियों के साथ उनके समर्थकों की भीड़ लगातार बढ़ती रही। नामांकन कक्षों तक पहुंचने के लिए प्रत्याशियों को निर्धारित प्रक्रिया का पालन करना पड़ा। प्रशासन की ओर से भीड़ को नियंत्रित करने और नामांकन प्रक्रिया को व्यवस्थित बनाये रखने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गयीं।

नामांकन दाखिल होने के साथ ही अब नगर निकाय चुनाव की तस्वीर काफी हद तक साफ हो गयी है। विभिन्न वार्डों में कौन-कौन प्रत्याशी आमने-सामने होंगे, इसे लेकर राजनीतिक चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। प्रत्याशियों के नामांकन के बाद अब चुनावी रणनीति, जनसंपर्क और मतदाताओं को साधने का सिलसिला और तेज होने की संभावना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित