पटना , सिंतबर 25 -- ाज्य के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और आवागमन को सुलभ बनाने के संकल्प के तहत पथ निर्माण विभाग निरंतर प्रयासरत है। इसी क्रम में पटना के अथमलगोला और बख्तियारपुर रेलवे स्टेशन के बीच रेलवे ट्रैक क्रॉसिंग (किमी 490/15-17) पर निर्मित हो रहे नए रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) का निर्माण कार्य जल्द पूरा होने जा रहा है।
पथ निर्माण विभाग (आरसीडी) के अनुसार, इस आरओबी परियोजना का निर्माण कार्य तेजी से किया जा रहा है। वर्तमान में इस महत्वपूर्ण आरओबी के फाउंडेशन और सब-स्ट्रक्चर का कार्य शत-प्रतिशत पूरा कर लिया गया है। सुपर-स्ट्रक्चर का निर्माण कार्य भी करीब 80 फीसदी तक हो चुका है। इस पूरी परियोजना को 31 दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल का कहना है कि अथमलगोला और बख्तियारपुर रेलवे स्टेशन के बीच रेलवे ट्रैक क्रॉसिंग पर बन रहे आरओबी के चालू होने से पटना और आसपास के ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों के यातायात व्यवस्था में एक ऐतिहासिक सुधार देखने को मिलेगा। उन्होंने बताया कि बख्तियारपुर और अथमलगोला क्षेत्र में रेलवे क्रासिंग बंद रहने के कारण लोगों को रोजाना लंबे ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ता है, लेकिन अब इस आरओबी के बनने से वाहन बिना किसी रुकावट के निर्बाध गति से आवागमन कर सकेंगे। इससे यात्रियों के समय और ईंधन दोनों की भारी बचत होगी।
सचिव श्री पाल ने बताया कि आरओबी बख्तियारपुर-ताजपुर पीपीपी प्रोजेक्ट का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसके शुरू होने से उत्तरी और दक्षिणी बिहार के बीच संपर्क और अधिक सुदृढ़ होगा और इससे समस्तीपुर, ताजपुर और पटना के बीच यात्रा आसान हो जाएगी। साथ ही स्थानीय किसानों को अपनी उपज मंडियों तक पहुंचाने में सहूलियत होगी और व्यापारिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित