जालौन , मई 17 -- उत्तर प्रदेश के जनपद जालौन में सोमवार को अंतर्राष्ट्रीय संग्रहालय दिवस के उपलक्ष्य में उरई शहर में एक अनोखी और विलक्षण मुद्रा प्रदर्शनी का आयोजन किया जायेगा जिसमें देश-विदेश की दुर्लभ और अद्भुत मुद्राएं लोगों के आकर्षण का केंद्र बनेंगी।

प्रदर्शनी के संयोजक डॉ. हरीमोहन पुरवार ने बताया कि इस विशेष आयोजन में कांगो, न्यू आइलैंड, पलाऊ, इजिप्ट, सोमालिया, श्रीलंका, तुवालू, भारत, चीन और कनाडा सहित कई देशों की अलग-अलग आकार, प्रकार और रंगों की मुद्राएं प्रदर्शित की जाएंगी।

उन्होंने बताया कि प्रदर्शनी में भवनों के आकार, ज्यामितीय आकृतियों, पशु-पक्षियों, विभिन्न देशों के मानचित्रों, धार्मिक मूर्तियों और गुड़ियों के आकार के सिक्के व नोट रखे गए हैं। अलग-अलग वजन और धातुओं से बने ये सिक्के अपनी विशिष्टता के कारण लोगों को हैरान कर देंगे।

प्रदर्शनी में द्वि-आयामी और त्रि-आयामी सिक्कों के साथ कागज, लोहा, चांदी, प्लास्टिक और अन्य धातुओं से निर्मित दुर्लभ मुद्राएं भी शामिल हैं। सोमालिया के ज्यामितीय आकार वाले सिक्के, कैप्टन क्रुएल खेल का तांबे का सिक्का, दुनिया का एकमात्र रनिंग घोड़े वाला सिक्का, अंकों और पुष्पों के आकार के सिक्के, पिरामिड आकार के सिक्के, पेरिस के नोट्रेडेम कैथेड्रल का एक किलो व 15 टुकड़ों वाला सिक्का, बैसिलिका ऑफ सेंट मेरी का सिक्का, मानवीय कपालों के सिक्के, थर्मामीटर, गुब्बारा, हाथ पंखा और कुतुबनुमा आकार के सिक्के इस प्रदर्शनी की खास पहचान होंगे।

भारत के डमरू आकार, जल बूंद आकार, 600 वर्ष ईसा पूर्व का लंबा बेंटबार सिक्का और दो बूंदों के संयुक्त आकार वाला सिक्का भी विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा।

श्रीमती उषा सिंह निरंजन ने बताया कि डॉ. हरीमोहन पुरवार का नाम वर्ष 2020 में लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज हो चुका है। उन्होंने 230 विलक्षण मुद्राओं के रिकॉर्ड को तोड़ते हुए 732 दुर्लभ मुद्राओं का संग्रह कर नया कीर्तिमान स्थापित किया था, जो आज भी कायम है।

डॉ. पुरवार के निजी संग्रहालय में 1000 से अधिक डाक टिकट, सरौते, बॉटल ओपनर, कैंचियां, जल पात्र, संगीत वाद्ययंत्र, गुड्डे-गुड़ियां, भगवान बुद्ध से जुड़ी वस्तुएं, शंख, सीप और कौड़ियां भी संग्रहित हैं। वे अपनी पत्नी श्रीमती संध्या पुरवार के साथ समय-समय पर इन दुर्लभ संग्रहों की प्रदर्शनी लगाते रहते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित