नयी दिल्ली , मई 27 -- केंद्रीय आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) प्रतापराव जाधव ने घोषणा की है कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 का मुख्य कार्यक्रम 21 जून को कोलकाता में आयोजित किया जाएगा।

इस वर्ष योग दिवस की थीम "स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग" रखी गई है, जिसका उद्देश्य योग के माध्यम से शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक स्वास्थ्य को बढ़ावा देना है।

श्री जाधव ने बुधवार को खजुराहो में आयोजित योग महोत्सव-2026 के दौरान यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि कोलकाता देश की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र है और वहां आयोजित होने वाला मुख्य समारोह योग के वैश्विक संदेश को और मजबूत करेगा। उन्होंने कहा कि "स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग" विषय बढ़ती उम्र में समग्र स्वास्थ्य और संतुलित जीवनशैली के लिए योग की उपयोगिता को रेखांकित करता है। उन्होंने कहा कि खजुराहो अपनी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत के कारण योग और स्वास्थ्य के वैश्विक केंद्र के रूप में विकसित होने की क्षमता रखता है।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि योग और खजुराहो भारत की सांस्कृतिक पहचान के अभिन्न प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि नयी पीढ़ी योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बना रही है, जिससे स्वस्थ और जागरूक समाज के निर्माण को बल मिल रहा है।

मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री इंदर सिंह परमार ने कहा कि योग और आयुर्वेद केवल अभ्यास नहीं बल्कि भारतीय जीवनशैली का हिस्सा हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित