मधुबनी , जुलाई 15 -- िहार के मधुबनी जिले में साइबर थाना पुलिस ने समूह लोन के नाम पर महिलाओं के बैंक खातों का दुरुपयोग कर अंतर्राज्यीय साइबर ठगी को अंजाम देने वाले एक दंपत्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि नगर थाना क्षेत्र के हराजगंज गुड्डी गाछी वार्ड संख्या-27 निवासी एक महिला की शिकायत पर साइबर थाना में मामला दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपाधीक्षक (साइबर) के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर की गई छापेमारी में रहिका थाना क्षेत्र से विजय चंद्र पाल और उसकी पत्नी को गिरफ्तार किया गया।पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे समूह लोन दिलाने के नाम पर महिलाओं के बैंक खाते खुलवाते थे और एटीएम कार्ड, चेकबुक, सिम कार्ड तथा अन्य दस्तावेज अपने कब्जे में रख लेते थे। इसके बाद असम, महाराष्ट्र, गुजरात, कर्नाटक सहित विभिन्न राज्यों के संगठित साइबर अपराधियों के साथ मिलकर करोड़ों रुपये की साइबर ठगी की घटनाओं को अंजाम देते थे।
सूत्रों ने बताया कि पुलिस ने उनके पास से 53 बैंक पासबुक, चार मोबाइल फोन, 22 मोहर और 47 चेकबुक बरामद की हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि इनके बैंक खातों से संबंधित 91 साइबर शिकायतें विभिन्न राज्यों में दर्ज हैं।
पुलिस ने बरामद सामग्री को जब्त कर दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित