नोएडा , जून 20 -- उत्तर प्रदेश में नोएडा सेक्टर-58 थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए लग्जरी वाहनों की चोरी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है।

पुलिस ने खुफिया जानकारी और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से गिरोह के दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे और निशानदेही पर तीन चोरी की लग्जरी कारें तथा एक अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद किया है।

पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गत शुक्रवार को सेक्टर-54 स्थित खरगोश पार्क के पास से नीरज शर्मा (49) और अजय सरकार (34) को गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपी लंबे समय से लग्जरी वाहनों की चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे वाहन सर्विस सेंटरों और शोरूमों के बाहर पहले रेकी करते थे। मौका मिलते ही गार्ड रूम से वाहनों की चाबियां चुरा लेते और फिर शोरूम या सर्विस सेंटर के बाहर खड़ी महंगी गाड़ियों को लेकर फरार हो जाते थे। चोरी के बाद वाहन के इंजन और चेसिस नंबरों से छेड़छाड़ कर उन्हें असम बॉर्डर क्षेत्र के डीलरों के माध्यम से मिजोरम और त्रिपुरा जैसे पूर्वोत्तर राज्यों में बेच दिया जाता था।

पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरोह अब तक करीब 60 चोरी की गाड़ियों को अंतर्राज्यीय नेटवर्क के जरिए बेच चुका है। इस संबंध में अन्य राज्यों की पुलिस से भी संपर्क किया जा रहा है।

आरोपियों द्वारा सेक्टर-59 स्थित कॉन्सेप्ट महिंद्रा शोरूम के बाहर से गार्ड रूम से चाबी चुराकर महिंद्रा थार को चोरी किया था। जिसको पुलिस द्वारा निशानदेही में बरामद किया गया और जिसके संबंध में सेक्टर-58 थाना में मुकदमा संख्या दर्ज था। नोएडा पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर घटना का सफल खुलासा कर वाहन बरामद कर लिया।

इसके अलावा फोर्ड ईकोस्पोर्ट (दिल्ली से चोरी की गई थी, जबकि बिना नंबर प्लेट की हुंडई क्रेटा वर्ष 2023 में दिल्ली से चोरी हुई थी, जिसके संबंध में ई-पुलिस स्टेशन एमवी थेफ्ट, दिल्ली में एफआईआर दर्ज है,जो कारें बरामद की गई हैं।

मुख्य आरोपी नीरज शर्मा के खिलाफ दिल्ली और उत्तर प्रदेश में वाहन चोरी, अवैध हथियार रखने और चोरी की संपत्ति रखने समेत 18 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं अजय सरकार के खिलाफ भी दिल्ली, नोएडा और पश्चिम बंगाल में कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस द्वारा गिरोह के नेटवर्क, चोरी की अन्य गाड़ियों और इनके सहयोगियों की पहचान के लिए जांच जारी है। संभावना है कि पूछताछ में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं। नोएडा पुलिस की इस कार्रवाई को वाहन चोरी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित