दरभंगा , मई 08 -- दरभंगा के अपर समाहर्ता सह जिला आपदा पदाधिकारी सलीम अख्तर ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय रेड क्रॉस दिवस मानवता, सेवा, करुणा एवं समर्पण की भावना को सशक्त बनाने का महत्वपूर्ण अवसर है।

अंतरराष्ट्रीय रेड क्रॉस दिवस के अवसर पर भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी, दरभंगा द्वारा माउंट समर कान्वेंट स्कूल में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए सलीम अख्तर ने कहा कि भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी वर्षों से आपदा प्रबंधन, रक्तदान, स्वास्थ्य जागरूकता एवं मानवीय सहायता के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करती आ रही है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं, सड़क दुर्घटनाओं एवं अन्य संकट की परिस्थितियों में रेड क्रॉस के स्वयंसेवकों द्वारा निभाई जाने वाली भूमिका अत्यंत सराहनीय एवं प्रेरणादायक है।यह दिवस हमें प्रेरित करता है कि हम समाज के कमजोर, पीड़ित एवं जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए सदैव तत्पर रहें।

एडीएम आपदा प्रबंधन सलीम अख्तर ने बच्चों को प्रोत्साहित कर उन्हें समय-समय पर प्रशिक्षण देने के लिए अपनी ओर से आश्वस्त किया और नागरिकों, विशेषकर युवाओं से अपील की कि वे रक्तदान, पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य जागरूकता एवं आपदा प्रबंधन जैसे सामाजिक कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाएँ तथा सेवा और सहयोग की भावना को समाज में और अधिक मजबूत करें। उन्होंने कहा कि हम सभी मिलकर मानवता, भाईचारे एवं सेवा के मूल्यों को अपनाते हुए एक जागरूक, संवेदनशील एवं सशक्त समाज के निर्माण में अपना योगदान दें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित