ऋषिकेश , मार्च 11 -- उत्तराखंड के ऋषिकेश में परमार्थ निकेतन में चल रहे अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव 2026 के तीसरे दिन महर्षि महेश योगी आश्रम (बीटल्स आश्रम) में विशेष ध्यान साधना, संगीत और प्रार्थना का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में देश-विदेश से आए साधकों ने सामूहिक ध्यान और मंत्रोच्चार के माध्यम से शांति और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव किया। साध्वी भगवती सरस्वती ने प्रतिभागियों को गाइडेड मेडिटेशन कराया।

इस अवसर पर स्वामी चिदानन्द सरस्वती ने कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं, बल्कि आत्मा को परमात्मा से जोड़ने वाला मार्ग है। योग मानवता को जोड़ने और विश्व में शांति स्थापित करने का संदेश देता है। कार्यक्रम के दौरान विश्व शांति और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए रुद्राक्ष के पौधों का रोपण भी किया गया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में कीर्तन गायक राधिका दास के भक्ति संगीत, प्रसिद्ध ड्रम वादक शिवमणि की ताल और रूना रिजवी शिवमणि की सुफियाना आवाज ने वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। महर्षि महेश योगी आश्रम की पवित्रता और संगीत साधना के संगम ने साधकों को विशेष आध्यात्मिक अनुभव कराया।

महोत्सव में 80 से अधिक देशों के लगभग 1500 प्रतिभागी पूरे सप्ताह योग, ध्यान और आध्यात्मिक सत्रों में भाग ले रहे हैं। सुबह के सत्रों में हठ योग, कुंडलिनी योग, विन्यास योग और ध्यान साधना का अभ्यास कराया गया, जबकि दोपहर के सत्रों में आयुर्वेद, योग चिकित्सा, आत्मबोध और ध्वनि उपचार से जुड़े विषयों पर विशेषज्ञों ने जानकारी दी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित