आबूराज , जून 21 -- राजस्थान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में योग आज भारत की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर से आगे बढ़कर वैश्विक स्वास्थ्य मुहिम का स्वरूप ले चुका है।
श्री राठौड़ ने रविवार को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सिरोही जिले के आबूराज में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के साथ प्रधानमंत्री का वर्चुअल माध्यम से प्रेरणादायी उद्बोधन सुना और इस मौके यह बात कही। उन्होंने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर, शांत मन और संतुलित जीवन का आधार है।
इस अवसर पर योग के महत्व को आत्मसात करते हुए नियमित योग अपनाने एवं स्वस्थ जीवनशैली के संकल्प का संदेश दिया गया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने वर्ष 2014 में संयुक्त राष्ट्र महासभा में दुनिया को योग से परिचित कराया, जिसके पश्चात संयुक्त राष्ट्र संघ ने 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाने की पहल की। यह भारत की सांस्कृतिक विरासत, आध्यात्मिक शक्ति और वैश्विक नेतृत्व का सम्मान है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित