जालंधर , जून 21 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बारहवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से मौके पर रविवार को पंजाब के फगवाड़ा स्थित लवली व्यावसायिक विश्वविद्यालय में आयोजित योगाभ्यास में हिस्सा लिया और राज्य तथा पूरे देश को नशा-मुक्त बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

इस कार्यक्रम में श्री नवीन के साथ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों, पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ, सांसद विक्रमजीत सिंह साहनी और सांसद अशोक कुमार मित्तल सहित काफी संख्या में लोगों ने योगाभ्यास किया।

इस मौके पर श्री नवीन ने लोगों विशेष कर युवाओं ने नशा को ना करने की अपील करते हुए कहा, "हमें नशे को 'ना' कहना होगा, नशा हमारी ज़िंदगी को अभिशाप बना रहा है। यह अभिशाप हर घर तक पहुंच रहा है। आइए अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के मौके पर हम पूरे पंजाब और देश से नशे को खत्म करने का संकल्प लें।"उन्होंने कहा, " हम ऐसी किसी भी चीज़ को अपने समाज में नहीं आने देंगे जो हमारी जड़ों और हमारे शरीर को कमज़ोर करे। हमें नशे के खिलाफ़ आवाज़ उठानी होगी, क्योंकि यह अनगिनत जिंदगियों को बर्बाद कर रहा है और हर जगह परिवारों पर असर डाल रहा है।"उन्होंने कहा, " अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के मौके पर आइए हम पंजाब और पूरे देश से नशे को खत्म करने का संकल्प लें। हम सब मिलकर यह पक्का करेंगे कि कोई भी ऐसी ताकत हमारे समाज में जगह न बना पाये जो हमारी जड़ों और हमारे शरीर को कमज़ोर करने की क्षमता रखती हो।"उन्होंने कहा, " आज मैं पंजाब के युवाओं से एक ज़रूरी अपील करने आया हूं कि आप अपनी ज़िंदगी से नशे को पूरी तरह से निकाल दें। हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि यह हमारे समाज में कहीं भी न फैले,-पंजाब और देश में हमारे समाज के हर व्यक्ति और युवा को इस बात की चिंता करनी होगी।"उन्होंने कहा, " भारत में लंबे समय तक हम एक साझा सपने के साथ एकजुट नहीं हो पाये, लेकिन यह हमारा सौभाग्य है कि हमें ऐसे नेता मिले हैं जिन्होंने एक सपने के साथ देश को आगे बढ़ाने का रास्ता दिखाया है। इस रास्ते का मुख्य मंत्र है... सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास।"श्री नवीन ने कहा, " इस मंत्र के साथ हम एक विकसित भारत बनाना चाहते हैं। यह हर किसी का सपना होना चाहिए कि 2047 तक हमारा भारत विकसित हो जाये। हमें इस सपने को आगे बढ़ाना होगा।"उन्होंने कहा, "अंतरराष्ट्रीय योग दिवस न केवल भारत की उपलब्धियों को मान्यता देता है, बल्कि हमें कई क्षेत्रों में भारत के नेतृत्व को पहचानने के लिए प्रेरित भी करता है।"भाजपा अध्यक्ष ने कहा, " आज जब हम देश में डिजिटल क्रांति, स्टार्टअप्स, यूनिकॉर्न और इनोवेशन की बात करते हैं, तो यह साफ़ है कि भारतीय युवा इसमें सबसे आगे हैं और तरक्की को आगे बढ़ा रहे हैं। अब समय आ गया है कि 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में निर्णायक कदम उठाये जाये।"श्री नवीन ने सोशल मीडिया एक्स पर योगाभ्यास की तस्वीरों को साझा करते हुए लिखा, "आज अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर मैंने लवली व्यावसायिक विश्वविद्यालय में आयोजित योग कार्यक्रम में हिस्सा लिया।"उन्होंने कहा कि योग जीवन जीने का एक प्राचीन भारतीय तरीका है जो शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन बनाता है और लोगों को स्वस्थ, सतर्क और अनुशासित जीवन जीने के लिए प्रेरित करता है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में, आज योग वैश्विक कल्याण का माध्यम बन गया है और 'वसुधैव कुटुंबकम' की भारतीय विचारधारा को मजबूत कर रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित