कोलकाता , जून 18 -- आयुष मंत्रालय ने गुरुवार को घोषणा की कि 21 जून को 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का राष्ट्रीय समारोह कोलकाता में आयोजित किया जायेगा और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रेड रोड पर योग अभ्यास का नेतृत्व करेंगे, जहां हजारों लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।
समारोह की तैयारियों को लेकर यहां नाबन्ना(राज्य सचिवालय) सभागार में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में यह जानकारी दी गयी। इस दौरान पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और केंद्रीय आयुष मंत्री प्रतापराव जाधव ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के उपलक्ष्य में 12 विशेष डाक टिकट लिफाफे भी जारी किये।
मंत्रालय के अनुसार इस वर्ष भारतीय दूतावासों और भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद के माध्यम से दुनिया भर में लगभग 2,500 स्थानों पर योग दिवस के कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं। विदेशों में स्थित 210 से अधिक भारतीय दूतावासों और मिशनों के इसमें भाग लेने की उम्मीद है।
केंद्रीय मंत्री ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस स्वास्थ्य और कल्याण को बढ़ावा देने वाले वैश्विक आंदोलन के रूप में विकसित हो चुका है। उन्होंने मंत्रालय की ओर से शुरू की गयी कई पहलों पर भी प्रकाश डाला, जिसमें योग 365 कार्यक्रम और 100 दिनों का मुफ्त ऑनलाइन योग अभियान शामिल है।
केंद्रीय मंत्री ने दावा किया कि 14 जून को आयोजित एक देशव्यापी ऑनलाइन योग सत्र में एक साथ चार लाख से अधिक लोगों ने भाग लिया, जिसने एक नया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है।
मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय समारोह की मेजबानी करने को पश्चिम बंगाल के लिए गर्व की बात बताया। उन्होंने कहा कि योग एक ऐसी साझा साधना के रूप में उभरा है जो स्वास्थ्य, सद्भाव और मानसिक शांति को बढ़ावा देता है। इस वर्ष के विषय (थीम) 'स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग' का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यह अभ्यास हर आयु वर्ग के लोगों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य में योगदान दे सकता है।
मंत्रालय ने 21 जून तक आयोजित होने वाले कई कार्यक्रमों की भी घोषणा की, जिसमें पश्चिम बंगाल के स्कूलों, सरकारी दफ्तरों, स्वास्थ्य संस्थानों और सार्वजनिक स्थानों पर योग सत्र शामिल हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित