जमुई , मार्च 08 -- बिहार के जमुई जिले में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रविवार को जिला प्रशासन की ओर से कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिला समाहरणालय के सभाकक्ष में आयोजित समारोह में जीविका दीदियों को सम्मानित किया गया, वहीं झाझा में 'वन स्टॉप सेंटर' का उद्घाटन कर महिलाओं के लिए नई सुविधा की शुरुआत की गई।

जिला समाहरणालय में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी नवीन कुमार ने की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी को सदैव सम्मान और समानता का स्थान मिला है। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं जल, थल और नभ हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं और समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

जिलाधिकारी ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं ने महिलाओं को सुरक्षा और अवसर प्रदान किया है, जिससे वे आत्मनिर्भर बन रही हैं। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस केवल उत्सव का दिन नहीं, बल्कि आत्मचिंतन का अवसर भी है। समाज के हाशिए पर खड़ी महिलाओं को मुख्यधारा से जोड़ना हम सभी की जिम्मेदारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित