बारां , अक्टूबर 11 -- राजस्थान के बारां में पंचायती राज चुनाव में शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने एवं पात्र युवाओं के मतदाता पंजीयन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जिले में निरंतर मतदाता जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।

इसी क्रम में अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर सावित्रीबाई फुले बालिका छात्रावास में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बालिकाओं ने लोकतंत्र में सक्रिय भागीदारी निभाने और अपने परिवार और समाज को मतदान के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर बालमुकुंद असावा, मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) एवं नोडल अधिकारी स्वीप राजीव तोमर के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में सह प्रभारी स्वीप अमित भार्गव ने बालिकाओं एवं उपस्थितजनों को निर्भीक होकर, बिना किसी प्रलोभन के निष्पक्ष एवं स्वतंत्र रूप से मतदान करने की शपथ दिलाई।

श्री भार्गव ने बालिकाओं को अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सशक्त युवा ही सशक्त लोकतंत्र की आधारशिला हैं। लोकतंत्र की मजबूती केवल मतदान करने तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक पात्र मतदाता को उसके मताधिकार के प्रति जागरूक करना भी हम सभी की जिम्मेदारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित