मधुबनी , जुलाई 13 -- बिहार में मधुबनी जिले की पुलिस ने भारत-नेपाल सीमा पर सक्रिय एक बड़े अंतरराष्ट्रीय तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए भारी मात्रा में प्रतिबंधित कोडीन कफ सिरप और तीन देशों की करेंसी के साथ तीन शातिर तस्करों को दबोचा है।
वरीय पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने संवाददाताओं को बताया कि यह कार्रवाई ग्रामीण पुलिस अधीक्षक शिवम धाकड़ के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने की है। उन्होने बताया कि लदनियां थाना पुलिस को रविवार रात गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति बाइक पर भारी मात्रा में कोडीन सिरप लेकर ग्राम ठाढ़ी से कड़हरवा होते हुए गाढ़ा गांव की ओर जाने वाला है। सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने कड़हरवा के पास घेराबंदी की। इसी दौरान सामने से आ रहा एक बाइक सवार पुलिस को देखकर भागने लगा, जिसे सशस्त्र बलों ने खदेड़कर दबोच लिया।
अपराधियों में ब्रह्मदेव कुमार राम सबसे पहले पुलिस की गिरफ्त में आया। इसकी बाइक से 19 लीटर प्रतिबंधित कोडीन सिरप बरामद हुआ। पूछताछ में उसने कबूला कि वह खाजेडीह चौक स्थित बबलू मेडिकल हॉल से यह सिरप खरीदकर नेपाल के सीमावर्ती इलाकों में ऊंचे दामों पर बेचता था। ब्रह्मदेव के बयान पर पुलिस ने खाजेडीह चौक पर स्थित बबलू मेडिकल हॉल में छापेमारी की। वहां से भागने की कोशिश कर रहे संचालक बब्लू कुमार चौधरी को गिरफ्तार किया गया। दुकान से नौ बोतल कोडीन सिरप और 20 हजार रुपये नकद मिले।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित