जयपुर , मार्च 08 -- राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पश्चिम एशिया में जारी युद्ध और अस्थिरता के कारण अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के किरायों में बेतहाशा बढ़ोतरी को बेहद चिंताजनक बताते हुए कहा है कि आपदा के समय अतिरिक्त मुनाफा कमाने की अनुमति जनहित में नहीं है।
श्री गहलोत ने रविवार को अपने बयान में कहा कि कई हवाई मार्गों पर किराया सामान्य से तीन-चार गुना तक बढ़ गया है, जिससे विदेशों में फंसे भारतीयों, विशेषकर छात्रों और कामगारों के लिए वतन वापसी, या भारत आए हुए प्रवासियों की अपने काम और शिक्षण संस्थानों तक वापसी मुश्किल हो गई है।
उन्होंने कहा ''नागरिक उड्डयन मंत्रालय में अपने पुराने अनुभवों के आधार पर मेरा मानना है कि संकट के समय में आमजन को राहत देना सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए।" श्री गहलोत ने भारत सरकार और नागरिक उड्डयन मंत्रालय से अपील की कि उन्हें एयरलाइंस के साथ मिलकर तुरंत हस्तक्षेप कर किरायों पर एक अधिकतम सीमा निर्धारित करनी चाहिए। आपदा के समय एयरलाइंस द्वारा अतिरिक्त मुनाफा कमाने की अनुमति देना जनहित में नहीं है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित