खरगोन , जून 04 -- मध्यप्रदेश के खरगोन जिले की पुलिस ने अवैध हथियार तस्करी नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कई राज्यों में वांछित दो हथियार तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 11 अवैध हथियार बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक रविन्द्र वर्मा ने बताया कि थाना गोगावां, सनावद और जैतापुर की संयुक्त टीम ने बुधवार को ग्राम नलवा पुलिया के पास घेराबंदी कर गुरूनाम उर्फ हैप्पी (19) और हरपाल सिकलीगर (25) को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपी बिना नंबर की मोटरसाइकिल से इंदौर की ओर जाने की तैयारी में थे।
पुलिस के अनुसार गुरूनाम उर्फ हैप्पी के विरुद्ध मध्यप्रदेश, राजस्थान, हरियाणा सहित अन्य राज्यों में आर्म्स एक्ट के 10 प्रकरण दर्ज हैं तथा उस पर 55 हजार रुपये का इनाम घोषित है। वहीं हरपाल के खिलाफ चोरी, जुआ और आर्म्स एक्ट सहित सात आपराधिक मामले दर्ज हैं। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अंजनगांव और सिगनुर के बीच सड़क किनारे एक पानी की टंकी के पीछे हथियार छिपाकर रखने की जानकारी दी। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने एक थैले से आठ देशी पिस्टल और तीन देशी कट्टे बरामद किए।
पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई थाना गोगावां में दर्ज आर्म्स एक्ट के एक प्रकरण की विवेचना के दौरान की गई। इसी मामले में पूर्व में हरियाणा निवासी रजत नामक आरोपी को छह अवैध पिस्टल, चार मैगजीन, 10 जिंदा कारतूस तथा लगभग 25 लाख रुपये मूल्य की हरियाणा पंजीयन की एक स्कॉर्पियो वाहन के साथ गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ में उसी ने गुरूनाम और हरपाल के नाम बताए थे।
पुलिस के अनुसार इस प्रकरण में अब तक लगभग 29 लाख रुपये मूल्य की अवैध सामग्री जब्त की जा चुकी है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है। उनसे अंतरराज्यीय हथियार तस्करी नेटवर्क के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित