हल्द्वानी , अगस्त 12 -- उत्तराखंड के नैनीताल जिले के हल्द्वानी में वृद्ध से अंगूठी झपटने के मामले में पुलिस ने एक अंतरराज्यीय शातिर लुटेरे को गिरफ्तार किया है।
हल्द्वानी के पुलिस अधीक्षक (एसपी) मनोज कत्याल ने बुधवार को इस मामले का खुलासा करते हुए बताया कि विगत आठ अगस्त को कुसुमखेड़ा निवासी महेंद्र चंद तिवारी के साथ झपटमारी की घटना सामने आई थी। अज्ञात लुटेरा पीड़ित के हाथ से सोने की अंगूठी लेकर फरार हो गया था।
पीड़ित पक्ष की ओर से 10 अगस्त को थाना मुखानी में मामला दर्ज कराया। मुखानी के प्रभारी निरीक्षक सुशील जोशी के नेतृत्व में एक पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें एक संदिग्ध दिखाई दिया। इसके बाद उसकी तलाश शुरू की गई। पुलिस टीम ने मंगलवार रात को विनोद शर्मा (60) निवासी मोहल्ला गोजानी, रामनगर, नैनीताल को बिना नंबर की स्कूटी के साथ गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी में उसके कब्जे से झपटमारी की गई पीली धातु की अंगूठी बरामद हुई। मामले में धारा 317(2) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की बढ़ोतरी की गई है। श्री कत्याल के अनुसार आरोपी शातिर अंतरराज्यीय लुटेरा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित