हरिद्वार , जुलाई, 25 -- उत्तराखंड में हरिद्वार जनपद में लगातार हो रही मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाते हुए मंगलौर पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का शनिवार को भंडाफोड़ किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नवनीत सिंह के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर कुल 18 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। बरामद वाहनों में हरिद्वार के विभिन्न थाना क्षेत्रों के अलावा उत्तर प्रदेश और हरियाणा से चोरी की गई बाइक भी शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार कोतवाली मंगलौर में दर्ज दो वाहन चोरी के मुकदमों के अनावरण के लिए एसएसपी के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई थी। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी मंगलौर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक भगवान सिंह महर के नेतृत्व में टीम ने जांच शुरू की। इस दौरान घटनास्थलों और संभावित मार्गों पर लगे 521 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया गया। साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर तकनीकी और मैनुअल इनपुट के आधार पर संदिग्धों पर नजर रखी गई।
जांच में सामने आया कि आरोपी अपनी पहचान छिपाने के लिए लगातार मास्क, कपड़े और हेयर स्टाइल बदलते रहते थे, जिससे उनकी पहचान करना चुनौतीपूर्ण था। इसके बावजूद पुलिस टीम ने 24 जुलाई को मुखबिर की सटीक सूचना पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से पहले दो चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गईं, जबकि पूछताछ और निशानदेही के आधार पर अलग-अलग स्थानों से 16 अन्य बाइक भी बरामद कर ली गईं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित