नोएडा , जुलाई 15 -- उत्तर प्रदेश में नोएडा फेस वन थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय दोपहिया वाहन चोरी करने वाले एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे और उसकी निशानदेही पर चोरी की 10 मोटरसाइकिल, एक स्कूटी और एक मोटरसाइकिल का चेसिस बरामद किया है। इस कार्रवाई के दौरान एक बाल अपचारी को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। बरामद वाहनों की चोरी दिल्ली, नोएडा और आसपास के क्षेत्रों से होना सामने आया है।
पुलिस ने बुधवार को बताया कि फेस वन थाना पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर बर्ड सेंचुरी अंडरपास के पास घेराबंदी कर आशु ढेढा (26) पुत्र स्वर्गीय सुखबीर सिंह, निवासी पीपल चौक, दल्लूपुरा, थाना न्यू अशोक नगर, दिल्ली को गिरफ्तार किया। उसके साथ एक बाल अपचारी को भी हिरासत में लिया गया।
यह अपने साथी के साथ पहले दिल्ली, गाजियाबाद और नोएडा के विभिन्न इलाकों में रेकी करता था। इसके बाद मौका मिलते ही दोपहिया वाहन चोरी कर उन्हें सेक्टरों में खड़ी अन्य गाड़ियों के बीच छिपाकर रख देता था। जरूरत पड़ने पर वह चोरी के वाहनों को अपनी मजबूरी का बहाना बनाकर कबाड़ियों और राह चलते लोगों को सस्ते दामों में बेच देता था।
चोरी के वाहनों की बिक्री से मिलने वाली रकम को दोनों आपस में बांटकर मौज-मस्ती और अपने शौक पूरे करने में खर्च करते थे।
आरोपी के कब्जे से बरामद एक मोटरसाइकिल की जांच में वह थाना ईस्ट विनोद नगर, दिल्ली से चोरी की निकली। वहीं उत्तर प्रदेश पुलिस के यक्ष ऐप और गाण्डीव पोर्टल पर आरोपी का सत्यापन करने पर उसके खिलाफ पहले से दर्ज कई आपराधिक मामलों की पुष्टि हुई।
आरोपी के खिलाफ फेस वन थाना में बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस रिकॉर्ड में गिरफ्तार आरोपी आशु ढेढा पर दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद के विभिन्न थानों में वाहन चोरी, लूट, चोरी का सामान रखने, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं सहित कुल 33 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2016 से लेकर वर्ष 2026 तक के मामले शामिल हैं, जिससे स्पष्ट है कि आरोपी लंबे समय से वाहन चोरी की घटनाओं में सक्रिय था।
बरामद वाहनों में कई ऐसे वाहन भी शामिल हैं जिनकी चोरी के मुकदमे नोएडा के थाना फेस-वन, सेक्टर-24, सेक्टर-49 तथा दिल्ली के कल्याणपुरी, गोविंदपुरी और शकरपुर सहित अन्य थानों में दर्ज हैं। पुलिस शेष बरामद वाहनों के संबंध में भी सत्यापन कर रही है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ के आधार पर वाहन चोरी के नेटवर्क और चोरी के वाहन खरीदने वालों के संबंध में भी जांच की जा रही है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि इस गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित