मुरैना , अगस्त 30 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में पुलिस ने अंतरराज्यीय बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की दस बाइक बरामद की हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार सात जुलाई को हरिराज टॉकीज के पास से बाइक चोरी होने की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की थी। इसी दौरान रविवार को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने चार संदिग्धों को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपियों ने मुरैना, भिंड, शिवपुरी, ग्वालियर तथा राजस्थान के धौलपुर से बाइक चोरी करने की बात स्वीकार की है। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की दस बाइक बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार चारों आरोपी मुरैना जिले के रिठोरा थाना क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस उनसे बाइक चोरी की अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित