आगर-मालवा , अप्रैल 18 -- मध्यप्रदेश के आगर-मालवा जिले में कोतवाली पुलिस ने अंतरराज्यीय धोखाधड़ी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार फरियादी दरबारसिंह सोंधिया, निवासी ग्राम कुलमड़ी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 11 अप्रैल की रात एक अज्ञात व्यक्ति ने कॉल कर 17,800 रुपये की आवश्यकता बताकर क्यूआर कोड के माध्यम से राशि डलवा ली और बाद में वापस नहीं की, साथ ही धमकी दी। इस पर थाना कोतवाली में संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया।

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण कर संदिग्धों की पहचान की। इसके बाद दबिश देकर आदित्य मेहता (29) निवासी किशनगढ़, अजमेर (हाल मुकाम इंदौर) और लोकेंद्र माली (29) निवासी इंदौर को गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अंतरराज्यीय गिरोह के सदस्य हैं, जो कियोस्क संचालकों को नकद देने का झांसा देकर क्यूआर कोड से राशि डलवाकर फरार हो जाते हैं। आरोपियों के खिलाफ इंदौर, जयपुर और अलीराजपुर में भी प्रकरण दर्ज हैं।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त कार जब्त की है और उन्हें न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया जा रहा है। आगे की पूछताछ जारी है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि अज्ञात व्यक्तियों के कहने पर बिना सत्यापन ऑनलाइन लेनदेन न करें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित