जम्मू , अप्रैल 26 -- जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने रविवार को कहा कि अंग दान के मूल्य को किसी भी पुरस्कार से नहीं मापा जा सकता और कॉर्निया व किडनी दान करने वाले लोग हमारे समाज के सच्चे नायक एवं रोल मॉडल हैं।
अंग दाताओं और उनके परिवारों को सम्मानित करने के लिए आयोजित 'नमन दिवस' कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपराज्यपाल ने उनके प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, "आपकी महानता के कारण ही आज कोई देख पा रहा है, तो कोई दुनिया के रंगों को पहली बार निहार रहा है। आपकी वजह से किसी के जीवन में नई आशा और खुशियों का संचार हुआ है। मैं पूरी जिम्मेदारी के साथ यह कहना चाहता हूँ कि सरकार या किसी भी संस्था का कोई भी सम्मान आपके इस अनमोल उपहार की बराबरी नहीं कर सकता।"श्री सिन्हा ने मानवता और दान के महत्व पर चर्चा करते हुए कहा कि जीवन की सार्थकता इसमें नहीं है कि हमने क्या इकट्ठा किया, बल्कि इसमें है कि हमने समाज को क्या दिया। उन्होंने कहा कि आज जिन्हें सम्मानित किया जा रहा है, उन्होंने जीवन का सबसे अनमोल उपहार-'जीवन दान' दिया है। भारतीय संस्कृति में भी अंग दान को सबसे पवित्र और नेक कार्य माना गया है।
उपराज्यपाल ने प्रत्येक नागरिक से अंग दान का संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने कहा, "हमें यह याद रखना चाहिए कि हम में से हर व्यक्ति एक संभावित अंग दाता है और हमारे पास यह शक्ति है कि हम जाने के बाद भी किसी का जीवन बचा सकें।"श्री सिन्हा ने जम्मू-कश्मीर के राज्य अंग और ऊतक प्रत्यारोपण संगठन (सोटो) के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि इस टीम ने जागरूकता फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने सोटो की टीम से आग्रह किया कि वे स्कूलों, कॉलेजों, धार्मिक स्थलों और कार्यस्थलों पर जाकर इस संदेश को और अधिक विस्तार दें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित