नयी दिल्ली , जुलाई 31 -- दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने खुफिया विभाग (आईबी) अधिकारी अंकित शर्मा की हत्या के मामले में आम आदमी पार्टी (आप) नेता ताहिर हुसैन को उम्र कैद की सजा सुनाए जाने के न्यायालय के फैसला का स्वागत किया है।

श्री मल्होत्रा ने शुक्रवार को संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा कि न्यायालय के फैसले के बाद आप का असली चेहरा सबके सामने आ गया है। न्यायालय ने इस मामले में दूध का दूध और पानी का पानी कर दिया है और बता दिया है कि किस प्रकार से पूर्वी दिल्ली में आम आदमी के गुंडो ने दंगे कराये हैं और आईबी अधिकारी की बेरहमी से हत्या कर दी।

उन्होंने कहा कि आप के संयोजक अरविंद केजरीवाल को शर्म आनी चाहिए कि उन्होंने ऐसे गुंडों को ना सिर्फ़ पार्टी में पनाह दी है बल्कि उन्हें बचाने के लिए भी अपनी ताकतों का इस्तेमाल करते रहे हैं। उन्होंने कहा कि अभी हाल ही में देश ने देखा कि किस प्रकार से आम आदमी पार्टी से जुड़े लोगों ने संसद भवन में घुसने की कोशिश की।

उन्होंने कहा कि आप का असली चेहरा अब दिल्ली ही नहीं पंजाब की जनता भी समझ चुकी है। दिल्ली की जनता ने पिछले साल ही दिल्ली से आम आदमी पार्टी को भगाया था और अब पंजाब की जनता उन्हें सत्ता से बेदखल करने वाली है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित