सहारनपुर , अक्टूबर 19 -- अभिनेत्री उर्मिला सनावर ने सोमवार को बताया कि सीबीआई ने यहां उनके गोविंद नगर स्थित आवास पर चार घंटे से भी ज्यादा उत्तराखंड के चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में पूछताछ की। उन्होंने पूछताछ के दौरान सीबीआई अधिकारियों से 48 मिनट की रिकार्डिंग और आठ घंटे की फुटेज एवं मोबाइल के नंबर को लेकर सवाल किया।
उन्होंने कहा कि सीबीआई के पास इस प्रकरण को लेकर पूरी जानकारी नहीं थी। उन्होंने सीबीआई अधिकारियों के समक्ष पेशकश की कि वह मीडिया की मौजूदगी में अपना नारको टेस्ट कराने को तैयार है। पूछताछ के दौरान उर्मिला सनावर ने सुरेश राठौड़ और दुष्यंत कुमार गौतम के बीच विवाद के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने सीबीआई को ऐसी कई महत्वपूर्ण जानकारियां दी हैं जो उनके पास नहीं थी। उर्मिला सनावर ने कहा कि 48 मिनट की पूरी रिकार्डिंग एसआईटी ने जमा नहीं कराई है और आठ घंटे की फुटेज भी जांच एजेंसी को नहीं दी गई है।
उन्होंने कहा कि सीबीआई ने उनसे सुरेश राठौड़ के साथ विवाद की वजह पूछी। उन्होंने कहा कि सुरेश राठौड़ के साथ मतभेद उत्तराखंड की ज्वालापुर विधानसभा सीट को लेकर थे। उत्तराखंड के प्रदेश भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने उनसे ज्वालापुर सीट से चुनाव लड़ने की तैयारियों को कहा था। उर्मिला सनावर ने बताया कि उनसे पार्टी अध्यक्ष ने कहा था कि वह दलित है और उन्हें पार्टी ज्वालापुर से चुनाव लड़ाना चाहती है इसी बात को लेकर सुरेश राठौड़ उनसे नाराज हो गए इसी वजह से सुरेश राठौड़ नाराज हो गए चूंकि वे इस सीट को अपनी विरासत समझते हैं।
अभिनेत्री ने सुरेश राठौड़ और दुष्यंत कुमार गौतम के बीच विवाद की भी विस्तार से जानकारी दी। सुरेश राठौड़ दुष्यंत गौतम पर तरह-तरह के आरोप लगाते थे। उन्होंने वंत्रा रिजार्ट और चीलाघाट से जुड़े पहलुओं का भी उल्लेख किया। जिस बारे में सुरेश राठौड़ ने उन्हें जानकारियां दी थीं जो सही नहीं थी। उन्होंने दुष्यंत कुमार गौतम को राज्यपाल बनाए जाने पर पूछे गए सवाल पर कहा कि अंकिता भंडारी मामले में जांच पूरी होने तक उनकी नियुक्ति पर पुनर्विचार किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी के माता-पिता के साथ दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने अभद्रता की। उसी के बाद सीबीआई टीम उनके और सुरेश राठौड़ के घर जांच-पड़ताल को भेजी गई। उर्मिला सनावर ने कहा कि अंकिता भंडारी के माता-पिता को ना तो कोई आर्थिक सहायता दी गई, ना कोई नौकरी दी गई और ना ही कोई आवास दिया गया।
गौरतलब है कि 18 सितंबर 2022 को पौड़ी जिले के वंत्रा रिजार्ट में 19 वर्षीय अंकिता भंडारी की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में रिजार्ट संचालक पुलकित आर्य और उसके दो कर्मचारियों को उम्र कैद की सजा सुनाई गई। जांच और मुकदमें के दौरान वीआईपी को अतिरिक्त सुविधा देने की बात और उसकी पहचान को लेकर सवाल लगातार उठ रहे हैं। दिसंबर 2025 में पूर्व भाजपा विधायक सुरेश राठौड़ और अभिनेत्री उर्मिला सनावर के बीच बातचीत के ओडिया-वीडियो वायरल हुए। जिसमें उत्तराखंड के पूर्व भाजपा प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम और पूर्व संगठन महामंत्री अजय कुमार धींमान के नाम लिए गए। अंकिता के पिता ने उनकी जांच की मांग उठाई है। दुष्यंत गौतम ने अपने ऊपर लगाए गए सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि मेरी छवि खराब करने की साजिश बताते हुए जनवरी 2026 में सुरेश राठौड़ और उर्मिला सनावर के खिलाफ देहरादून के डालनवाला थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित