हल्द्वानी , अक्टूबर 25 -- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को कहा कि किसी बेटी को न्याय दिलाना समाज और व्यवस्था की गंभीर जिम्मेदारी है और बहन अंकिता भंडारी को न्याय मिलना सर्वोपरि है।

वह यहां आयोजित 'कुमाऊं द्वार महोत्सव' में मुख्य अतिथि के रूप में लोगों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने अंकिता भंडारी हत्याकांड मामले में न्यायालय द्वारा दोषियों को सुनाई गई सजा और जमानत याचिकाओं से जुड़ी कार्यवाही का उल्लेख करते हुए कहा कि कानूनी प्रक्रिया का सम्मान होना चाहिए। उन्होंने विपक्ष से सवाल किया कि किसी बेटी के दुख को राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल करना और बिना प्रमाण आरोप लगाना कितना उचित है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य सरकार ने समान नागरिक संहिता लागू करने, सख्त धर्मांतरण विरोधी कानून, दंगारोधी कानून और सशक्त भू-कानून की दिशा में अहम कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड केवल भौगोलिक प्रदेश नहीं बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था और सांस्कृतिक विरासत का केंद्र है। देवभूमि की अस्मिता की रक्षा सरकार के लिए राजनीतिक विषय नहीं, बल्कि संकल्प है। इसी उद्देश्य से सरकारी भूमि पर अवैध कब्जों और अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई की गई है।

उन्होंने कहा कि हल्द्वानी में हो रहा यह सांस्कृतिक आयोजन नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का जरिए है। हल्द्वानी कुमाऊं का प्रवेश द्वार होने के साथ पर्वतीय समाज के लिए विशेष महत्व रखता है। महोत्सव में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी इस बात का प्रमाण है कि प्रदेशवासी अपनी सांस्कृतिक जड़ों से गहराई से जुड़े हैं। उन्होंने 'वैदेही कल्चरल एजुकेशन एंड आर्ट फाउंडेशन' की सराहना करते हुए कहा कि संस्था लोकगायन और लोकनृत्य के जरिये युवाओं को उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत से जोड़ रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की लोक संस्कृति समृद्ध और विविधतापूर्ण है। छोलिया नृत्य, झोड़ा, चांचरी, बरदा नाटी और न्योली जैसी विधाएं तथा बेड़ा, मांगल और चैती जैसी गायन शैलियां प्रदेश की विरासत को संजोए हुए हैं। ढोल, दमाऊ, तुर्री, भंकोरा और रणसिंहा जैसे वाद्य यंत्र इसकी विशिष्ट पहचान हैं। उन्होंने कहा कि डिजिटल तकनीक और सोशल मीडिया के जरिये उत्तराखंड का लोक संगीत देश-विदेश में पहचान बना रहा है और युवा पीढ़ी भी इसमें रुचि ले रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित