चंडीगढ़ , अक्टूबर 18 -- हरियाणा सिरसा की सांसद कुमारी सैलजा ने घोषणा की कि अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने और प्रदेश के विभिन्न मुद्दों को लेकर कांग्रेस 22 से 25 अक्टूबर तक उत्तराखंड में न्याय यात्रा निकालेगी। उन्होंने भाजपा सरकार पर महिलाओं की सुरक्षा, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और पलायन जैसे मुद्दों पर जवाबदेही से बचने का आरोप लगाया।
देहरादून में मीडिया से बातचीत करते हुए सुश्री सैलजा ने अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े आरोपों और वायरल ऑडियो की निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि मामले में सामने आए तथ्यों की जांच कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जाना चाहिए। उन्होंने दुष्यंत गौतम को सिक्किम का राज्यपाल नियुक्त किए जाने पर भी सवाल उठाए।
सूश्री सैलजा ने कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य से जुड़े प्रकरण सहित मिड-डे मील, राष्ट्रीय खेलों, राशन व्यवस्था, जमीनों की खरीद-फरोख्त और अवैध खनन से संबंधित कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने बदरीनाथ में चढ़ावे से जुड़ी कथित अनियमितताओं की भी जांच कराने की बात कही।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित