नयी दिल्ली , अक्टूबर 16 -- कांग्रेस सेवादल ने अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग को लेकर शुक्रवार को यहां कैंडल मार्च निकाला और मामले की निष्पक्ष जांच तथा आरोपों पर जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की।

कांग्रेस सेवादल के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बी.वी. ने इस दौरान वीवीआईपी दुष्यंत गौतम से जुड़े आरोपों की जांच और तत्काल कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि किसी भी राजनीतिक पद या प्रभाव के कारण कोई व्यक्ति कानून से ऊपर नहीं हो सकता।

श्रीनिवास ने कहा, "अंकिता भंडारी को न्याय मिलना चाहिए और उनके परिवार को जवाब मिलने चाहिए। मामले से जुड़े गंभीर सवालों और आरोपों को राजनीतिक दबाव के कारण नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। हम सभी प्रासंगिक पहलुओं की निष्पक्ष जांच और साक्ष्यों के आधार पर उचित कार्रवाई की मांग करते हैं।"उन्होंने कहा कि अधिकारियों को बिना किसी भय या पक्षपात के सभी प्रासंगिक साक्ष्यों की जांच करनी चाहिए और कानून के अनुसार जवाबदेही तय करनी चाहिए। कांग्रेस सेवादल ने कहा कि वह अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग जारी रखेगा और उनके परिवार के साथ खड़ा रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित