प्रयागराज, नवम्बर 1 -- Prayagraj News: प्रयागराज। शंकरगढ़ के पास रानीगंज रेलवे क्रासिंग पर निर्माणाधीन रेलवे ओवर ब्रिज (आरओबी) के बचे हुए हिस्से का कार्य सेतु निगम प्रयागराज की ओर से दीपावली बाद शुरू कराया जाएगा। एनसीआर ने अपने हिस्से के 54 मीटर लंबाई का गर्डर लांच कर दिया है। अब निगम ने इसे आरओबी के पिलरों से जोड़ने का कार्य करेगा। इसके बाद 700 मीटर लंबे ब्रिज पर दो परत डामर डालने और साउंड बैरियर लगाने का कार्य किया जाएगा। साथ ही सौंदर्यीकरण के अंतर्गत लाइटिंग व वाल राइटिंग का कार्य होना है। निगम के परियोजना प्रबंधक रोहित मिश्र ने बताया कि 31 दिसंबर तक कार्य को पूरा करके नए वर्ष के पहले दिन वाहनों के आवागमन के लिए आरओबी को खोला जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित...