नैनीताल, अक्टूबर 8 -- Nainital News: नैनीताल। जीबी पंत उच्च स्थलीय प्राणी उद्यान के डिविजन कार्यालय में गुरुवार सुबह अचानक भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से कार्यालय के रिकॉर्ड रूम में रखा कई महत्वपूर्ण रिकॉर्ड जलकर खाक हो गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। आग लगने की सूचना मिलते ही प्राणी उद्यान के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। कर्मचारियों के प्रयास से काफी हद तक आग पर काबू पा लिया गया। साथ ही दमकल विभाग को भी सूचना दी गई। संकरी सड़क होने के कारण दमकल वाहन को प्राणी उद्यान तक पहुंचने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। दमकल कर्मियों के मौके पर पहुंचने के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया। डीएफओ आकाश गंगवार ने बताया कि आग से हुए नुकसान और जले रिकॉर्ड का आकलन किया जा रहा है।

हिंदी...