लखनऊ, अगस्त 30 -- Lucknow News: पीजीआई क्षेत्र की बाबू विहार कॉलोनी में रविवार सुबह यूपीएस बैटरियों में धमाके के साथ आग लग गई। धमाकों की आवाज से कॉलोनी में अफरा-तफरी मच गई। मकान के निचले हिस्से में चल रही रिपेयरिंग की दुकान जलकर राख हो गई, जबकि ऊपरी मंजिल पर मौजूद परिवार ने भागकर जान बचाई। जानकारी के मुताबिक, वृंदावन सेक्टर-6ए से सटी बाबू विहार कॉलोनी निवासी राम सिंह के मकान के भूतल पर यूपीएस रिपेयरिंग का काम होता है। रविवार सुबह 11 बजे बड़ी संख्या में यूपीएस बैटरियां चार्जिंग पर लगी थीं। इस दौरान शॉर्ट सर्किट से बैटरियों में एक के बाद एक विस्फोट होने लगे और आग भड़क गई। देखते ही देखते आग ने पूरे भूतल को चपेट में ले लिया। धमाकों की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। लपटें और धुआं उठता देख कॉलोनी में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। ...