गया, अक्टूबर 30 -- Gaya News: बेमौसम बारिश और तेज हवाओं ने गया जिले के किसानों की चिंता बढ़ा दी है। धान की फसल पककर तैयार है और कई इलाकों में कटाई भी शुरू हो गई है। ऐसे समय में चक्रवाती तूफान के प्रभाव से हुई बारिश ने किसानों की मेहनत पर पानी फेरने का खतरा बढ़ा दिया है। इससे धान की पैदावार और गुणवत्ता पर प्रतिकूल असर पड़ने के साथ किसानों को आर्थिक नुकसान होने की आशंका है। तेज हवाओं और बारिश के कारण खेतों में खड़ी धान की पकी फसल जमीन पर गिर रही है। जिन किसानों ने धान की कटाई कर फसल खेतों में रखी है, उनकी उपज भीगने से गुणवत्ता खराब होने का खतरा बढ़ गया है। कृषि विशेषज्ञों के अनुसार, बारिश से धान की बालियों में नमी बढ़ने, दाने बदरंग होने और फसल में दाग लगने की आशंका है। इससे किसानों को बाजार में उपज का उचित मूल्य मिलने में परेशानी हो सकती है...