गौरीगंज, सितम्बर 6 -- Gauriganj News: शुकुल बाजार। तेंदुआ गांव के पास बीते शुक्रवार की रात दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में घायल हुए युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अयोध्या के बाबा बाजार थाना क्षेत्र निवासी वीर बहादुर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके भाई रामनेवल चार सितंबर की शाम बाइक से शुकुल बाजार गए थे। रात करीब 9.30 बजे घर लौटते समय तेंदुआ गांव के पास सामने से आ रही बाइक से उनकी टक्कर हो गई। स्थानीय लोगों ने उन्हें एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया। उपचार के बाद घर लाने पर रात करीब 12 बजे उनकी मौत हो गई। थानाध्यक्ष गजेंद्र सिंह ने बताया कि मुकदमा पंजीकृत कर जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित...