भागलपुर, जुलाई 11 -- Bhagalpur News: बिहपुर, संवाद सूत्र। नारायणपुर प्रखंड के दुधैला गांव में गुरुवार की शाम एक युवक ने अपनी दायीं कनपट्टी में गोली मारकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान शिवब्रत मंडल के 25 वर्षीय पुत्र गुलो मंडल के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चला है। बताया गया कि गुलो मंडल चार भाइयों में सबसे छोटा था। घटना के बाद ग्रामीणों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई। सूचना मिलने पर बिहपुर पुलिस मौके पर पहुंची व घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कट्टा बरामद कर लिया। पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। बिहपुर थानाध्यक्ष संतोष कुमार शर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। ...