भदोही, मार्च 20 -- भदोही, संवाददाता। कालीन नगरी की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराने का दावा शहर में हवा हवाई साबित हो रहा है। बानगी के तौर पर महाराजा बलवंत सिंह राजकीय अस्पताल परिसर में 25 करोड़ की लागत से बनकर तैयार सौ शैय्या का महिला अस्पताल को देखा जा सकता है। एक दशक से ज्यादा का समय व्यतीत हो गया, लेकिन मरीजों एवं तीमारदारों को उसका कोई फायदा नहीं मिल रहा है। जिसे लेकर लोगों में रोष है। बता दें कि पूर्व की सपा सरकार में शहर के महाराजा बलवंत सिंह राजकीय अस्पताल में सौ बेड का अस्पताल स्वीकृत किया गया था। उस दौरान शहर, जिला, पड़ोस के जौनपुर जिले के गांवों के मरीजों को बेहतर चिकित्सा सेवा देने का दावा किया गया था। इतना ही नहीं, किडनी मरीजों को मुफ्त डायलिसिस, प्रसूताओं के ऑपरेशन, महिलाओ संग बच्चों के बेहतर इलाज की भी बात कही गई थी...