कौशाम्बी, जनवरी 20 -- कोखराज थाना पुलिस ने सोमवार की रात बड़ी कार्रवाई करते हुए तकरीबन 20 लाख रुपये कीमत के एमडीएमए ड्रग्स के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया। वह भदोही से ड्रग्स लाकर डिलीवरी करने मुंबई जाने की तैयारी में था। प्रयागराज (छिवकी) पहुंचकर ट्रेन पकड़ने से पहले ही पुलिस ने उसको पकड़ लिया। नशे के नेटवर्क में शामिल अन्य आरोपियों के बाबत जानकारी जुटाई जा रही है। रैकेट के सरगना के संबंध में पुलिस को पुख्ता जानकारी मिल गई है। पकड़े गए आरोपी का मुकदमा कायम कर चालान कर दिया गया है। कोखराज के शहजादपुर टेंढ़ीमोड़ चौकी प्रभारी गणेश कुमार को सोमवार रात मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक ड्रग्स के साथ टेंढ़ीमोड़ बस अड्डे पर खड़ा है और प्रयागराज जाने के लिए साधन का इंतजार कर रहा है। खबर मिलते ही उन्होंने इंस्पेक्टर चंद्रभूषण मौर्य को जानकारी दी। ...