लखनऊ, मार्च 5 -- होली का त्योहार खत्म होते ही रेलवे स्टेशनों पर लौटने वालों का हुजूम उमड़ पड़ा है। दिल्ली, मुंबई और चंडीगढ़ जैसे बड़े शहरों में पढ़ाई करने वाले छात्रों और नौकरीपेशा लोगों की वापसी के चलते गुरुवार को चारबाग और लखनऊ जंक्शन पर भारी भीड़ देखी गई। नियमित ट्रेनों में लंबी वेटिंग लिस्ट ने यात्रियों के पसीने छुड़ा दिए हैं, वहीं तत्काल टिकटों की बुकिंग के लिए भी मारामची मची है। गुरुवार को टिकट खिड़कियों पर सुबह से ही लंबी कतारें लगी रहीं। दिल्ली और मुंबई रूट की प्रमुख ट्रेनों में तत्काल कोटा खुलते ही महज पांच मिनट के भीतर सभी सीटें फुल हो गईं। जिन यात्रियों को कंफर्म टिकट नहीं मिल सका, उन्हें मजबूरी में जनरल कोच के भारी रश में सफर करने को विवश होना पड़ा। स्पेशल ट्रेनों के संचालन के बावजूद हालात यह हैं कि उनमें भी अब जगह नहीं बची है...