जमशेदपुर, मार्च 29 -- परसुडीह थाना क्षेत्र के करनडीह चौक स्थित हीरो टू-व्हीलर सर्विस सेंटर में बीती रात चोरों ने ताला तोड़कर करीब 50 से 55 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस जांच में जुट गई है। सर्विस सेंटर के मैनेजर तपन पाल ने बताया कि 28 मार्च की शाम करीब 7 बजे सेंटर बंद कर सभी कर्मचारी घर चले गए थे। रविवार सुबह जब वे पहुंचे तो मुख्य गेट का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो कैश काउंटर की खिड़की खुली थी और ड्रॉर का ताला भी टूटा हुआ था। जांच में काउंटर से नकदी गायब पाई गई। सीसीटीवी फुटेज में तीन चोर मास्क पहने नजर आए हैं, जो ताला तोड़कर अंदर घुसे और वारदात को अंजाम दिया। घटना की लिखित शिकायत थाने में दर्ज करा दी गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़...