विकासनगर, मार्च 3 -- चकराता। तहसील चकराता की ग्राम पंचायत हयोऊ टगरी के चीलोगी छानी क्षेत्र में मंगलवार को किसी अज्ञात व्यक्ति ने झाड़ियों में आग लगा दी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। इससे ग्रामीण थेचक सिंह की बागवानी को भारी नुकसान पहुंचा। आग की चपेट में आकर थेचक सिंह द्वारा लगाए गए नींबू, नाशपाती, आड़ू और खुमानी के फलदार पेड़ नष्ट हो गए। इसके साथ उनके द्वारा एकत्र की गई खाद तथा सिंचाई के लिए रखी गई पाइप भी जलकर खाक हो गई। ग्रामीण ने बताया कि आग किसी शरारती तत्व द्वारा लगाई गई प्रतीत होती है। इससे उनके बाग में पेड़ों को काफी नुकसान हुआ है। आग से प्रभावित किसान को आर्थिक क्षति हुई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की जांच कर दोषी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा पीड़ित किसान को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।

हिंद...