बलिया, मई 6 -- बलिया, संवाददाता। सड़क हादसों में हो रही मौतों पर विराम लगाने, दुर्घटना की असली वजह जानकर कमियों को दूर करने या दोषियों पर कार्रवाई करने, पीड़ित परिवारों को सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से उपलब्ध कराने की दिशा में शासन ने बड़ी और नई पहल की है। अब यदि किसी सड़क हादसे में तीन या उससे अधिक मौत होती है तो उसकी स्पेशल जांच की जाएगी। अधिकारियों की निगरानी में घटना की पूरी विवेचना कर रिपोर्ट तैयार होगी। इसमें दुर्घटना के सही कारणों की तलाश करते हुए उसके आधार पर आगे की कार्यवाही की जाएगी। दरअसल सड़कों का कायाकल्प, चौड़ीकरण आदि होने के बाद वाहनों की रफ्तार बढ़ी है। हादसों में भी इजाफा हुआ है। पिछले कुछ दिनों में जिले के अलावा प्रदेश और देश के अलग-अलग हिस्सों में सड़क दुर्घटनाओं में एक साथ आधा दर्जन या उससे अधिक लोगों की जान भी गई है।...