छपरा, जनवरी 19 -- छपरा, नगर प्रतिनिधि। दिन सोमवार। घड़ी की सुई ठीक 11 बजा रही थी। स्थान कलेक्ट्रेट परिसर स्थित जिला पदाधिकारी का कार्यालय कक्ष। सात निश्चय-3 के सातवें निश्चय सबका सम्मान-जीवन आसान को धरातल पर उतारने के लिए जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव तमाम प्रशासनिक व्यस्तताओं के बावजूद समय से अपने कार्यालय कक्ष में पहुंच चुके थे। आगंतुक कक्ष में पहले से बैठे फरियादियों की निगाहें दरवाजे पर टिकी थीं। माहौल में उम्मीद और बेचैनी दोनों साफ झलक रही थीं।जनसुनवाई की शुरुआत होते ही ग्रामीण क्षेत्र के मकेर प्रखंड अंतर्गत फुलवरिया निवासी त्रिवेणी सिंह को जिलाधिकारी ने अंदर बुलाया। जैसे ही डीएम ने उनकी समस्या पूछी, त्रिवेणी सिंह भावुक हो उठे। कांपती आवाज में उन्होंने बताया कि एनएच-102 के लिए उनकी जमीन और मकान का अधिग्रहण तो कर लिया गया, लेकिन आज तक मु...